सलूंबर। पंचायत आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी होने के बाद सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने की।

बैठक में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत आम चुनाव-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया, आगामी निर्वाचन गतिविधियों और आदर्श आचार संहिता के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

डॉ. दिनेश राय सापेला ने कहा कि जिले के संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है। ऐसे में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अभ्यर्थी निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान ऐसी किसी भी गतिविधि से बचना होगा, जिससे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो।

उन्होंने निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए सभी राजनैतिक दलों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सहयोग करने की अपील की। बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे। पंचायत आम चुनाव-2026 की निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने पर प्रशासन ने स्पष्ट जोर दिया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story