नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर सलूंबर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनेद पी पी ने सोमवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी कक्ष में विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव संबंधी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करे तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाए। उन्होंने प्रकोष्ठों के प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों के भौतिक निरीक्षण, आवश्यक आधारभूत सुधार तथा अन्य तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने चुनाव संचालन, निर्वाचन अनुभाग, लेखा, मतदान केंद्र, न्याय एवं कानून व्यवस्था, मतदान दल गठन, आदर्श आचार संहिता, रूट चार्ट, यातायात, वेयरहाउस, प्रशिक्षण, चुनाव भंडारण, रसद, मीडिया, कंप्यूटर व्यवस्था एवं सामान्य व्यवस्था सहित विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समयबद्ध ढंग से कार्य करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु एवं निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर आयोजित यह समीक्षा बैठक निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समय पर पूरा करने और सभी व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के उद्देश्य से आयोजित की गई।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story