सलूंबर नगर परिषद के आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर सोमवार को 25 वार्डों के वर्ग एवं महिला आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो गई। जिला कलेक्टर परिसर स्थित वीसी कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी पी की उपस्थिति में हुई लॉटरी के बाद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी एवं सामान्य वर्ग के साथ महिला आरक्षण का निर्धारण किया गया।

लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला, एडीएम जगदीश चंद्र बामणिया, तहसीलदार मयूर शर्मा, नगर परिषद आयुक्त, विधायक शांता अमृत लाल मीणा सहित प्रमुख मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नगर परिषद सलूंबर क्षेत्र की कुल जनसंख्या 18,782 है। इसमें अनुसूचित जाति की जनसंख्या 2,177 यानी 11.591 प्रतिशत तथा अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या 1,299 यानी 6.916 प्रतिशत है।

लॉटरी के बाद नगर परिषद के कुल 25 वार्डों में 3 वार्ड अनुसूचित जाति, 2 वार्ड अनुसूचित जनजाति, 5 वार्ड ओबीसी तथा 15 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। इनमें कुल 9 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।

वार्डवार आरक्षण के अनुसार वार्ड संख्या 1 सामान्य, वार्ड संख्या 2 सामान्य, वार्ड संख्या 3 सामान्य महिला, वार्ड संख्या 4 अनुसूचित जनजाति महिला, वार्ड संख्या 5 अनुसूचित जनजाति, वार्ड संख्या 6 सामान्य, वार्ड संख्या 7 ओबीसी, वार्ड संख्या 8 सामान्य, वार्ड संख्या 9 अनुसूचित जाति, वार्ड संख्या 10 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड संख्या 11 सामान्य, वार्ड संख्या 12 सामान्य महिला, वार्ड संख्या 13 ओबीसी, वार्ड संख्या 14 ओबीसी, वार्ड संख्या 15 सामान्य, वार्ड संख्या 16 सामान्य महिला, वार्ड संख्या 17 सामान्य, वार्ड संख्या 18 सामान्य महिला, वार्ड संख्या 19 ओबीसी महिला, वार्ड संख्या 20 ओबीसी महिला, वार्ड संख्या 21 सामान्य, वार्ड संख्या 22 अनुसूचित जाति, वार्ड संख्या 23 सामान्य, वार्ड संख्या 24 सामान्य तथा वार्ड संख्या 25 सामान्य महिला के लिए निर्धारित किया गया है।

वर्गवार आरक्षण में अनुसूचित जाति के लिए वार्ड संख्या 9, 10 एवं 22 निर्धारित किए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 10 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। अनुसूचित जनजाति के लिए वार्ड संख्या 4 एवं 5 निर्धारित किए गए हैं, जिनमें वार्ड संख्या 4 महिला के लिए आरक्षित है।

ओबीसी के लिए वार्ड संख्या 7, 13, 14, 19 एवं 20 निर्धारित किए गए हैं। इनमें वार्ड संख्या 19 एवं 20 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हैं। वहीं सामान्य वर्ग के 15 वार्डों में वार्ड संख्या 3, 12, 16, 18 एवं 25 सामान्य महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं।

इस प्रकार नगर परिषद सलूंबर के कुल 25 वार्डों में 5 सामान्य महिला, 1 अनुसूचित जाति महिला, 1 अनुसूचित जनजाति महिला एवं 2 ओबीसी महिला, कुल 9 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी पी की उपस्थिति में संपन्न हुई लॉटरी प्रक्रिया के बाद नगर परिषद सलूंबर के आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए वार्डों का वर्गवार एवं महिला आरक्षण निर्धारित हो गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story