आगामी नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशानुसार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डॉ. मयूर शर्मा ने नगर परिषद सलूंबर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. शर्मा ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों पर बिजली, पेयजल, दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति जांची और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुगम आवागमन, कतार प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। डॉ. शर्मा ने चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने संबंधित बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुसार चुनाव पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान निर्वाचन शाखा के विजेन्द्र सिंह गहलोत, रलेश चौबीसा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story