सलूम्बर नगर परिषद चुनाव: 11 सितंबर को मतदान, स्वीप के तहत जागरूकता अभियान तेज
जिला प्रशासन और स्वीप ब्रांड एंबेसडरों ने युवाओं और शहरवासियों से शत-प्रतिशत मतदान की अपील करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए।

सलूम्बर, 08 सितम्बर। नगर परिषद सलूम्बर क्षेत्र में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत 11 सितम्बर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधियों के तहत सलूम्बर नगर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चन्द्र बामणिया, जिला स्वीप अधिकारी रामावतार यादव एवं आयुक्त, नगर परिषद सलूम्बर अभिषेक शर्मा के निर्देशन में मंगलवार को जिला सलूम्बर के स्वीप ब्रांड एंबेसडर, जिला प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक एनआईएस कोच नरेश रेबारी तथा जिला एथलेटिक्स प्रशिक्षक एवं एनआईएस कोच सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने महाविद्यालयों एवं सलूम्बर नगर में संपर्क कर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
राजकीय हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय, सलूम्बर में डॉ. नरेन्द्र सिंह पंवार, डॉ. देवेन्द्र मेघवाल एवं डॉ. प्रशान्त सिंह के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। दोनों ब्रांड एंबेसडरों ने छात्र-छात्राओं के समक्ष सशक्त लोकतंत्र में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार रखे और आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।
इसी क्रम में मीनाक्षी महाविद्यालय, सलूम्बर में भी ब्रांड एंबेसडर नरेश रेबारी एवं सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने मतदान की आवश्यकता एवं मतदाता जागरूकता के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में निदेशक मीना मसार, प्रबंधक अभिमन्यु मीणा, प्राचार्य डॉ. नीतू सोलंकी एवं स्टाफगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता हिमांशु चौबीसा ने किया।
स्वीप ब्रांड एंबेसडरों ने सलूम्बर नगर के बस स्टैंड एवं गांधी चौक में भी शहरवासियों को मतदान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान सभी मतदाताओं से आगामी 11 सितम्बर 2026 को अपने मताधिकार का आवश्यक रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। अभियान के जरिए मतदान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
सभी कार्यक्रमों में स्वीप प्रकोष्ठ से दिनेश कुमार सालवी, इन्द्रलाल पंचाल, राजेन्द्र कुमार पण्ड्या, प्रदीप जोशी, दीपक मेहता एवं कुलदीप पांडे उपस्थित रहे। महाविद्यालयों से लेकर नगर के प्रमुख स्थलों तक चलाए गए इन जागरूकता कार्यक्रमों में मतदाताओं को 11 सितम्बर 2026 को मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
