सलूंबर निकाय चुनाव: 11 सितंबर को मतदान के लिए स्वीप अभियान तेज
नगर परिषद क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर चलाया गया जागरूकता अभियान।

सलूंबर, 09 सितम्बर। नगर परिषद सलूंबर क्षेत्र में 11 सितम्बर 2026 को होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव के मतदान में शत-प्रतिशत मतदाता भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान तेज किया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया, जिला स्वीप अधिकारी रामावतार यादव एवं आयुक्त नगर परिषद सलूंबर अभिषेक शर्मा के निर्देशन में जिला सलूंबर के स्वीप ब्रांड एंबेसडरों ने विभिन्न स्थानों पर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
स्वीप ब्रांड एंबेसडर एवं राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक आईएएस कोच नरेश खैरी तथा जिला एथलेटिक्स प्रशिक्षक एवं एनआईएस कोच सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन से आगामी 11 सितम्बर को अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। महाविद्यालयों, बस स्टैंड एवं गांधी चौक पर आयोजित जागरूकता गतिविधियों के दौरान मतदान के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
राजकीय हाजरानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय सलूंबर में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में डॉ. नरेन्द्र सिंह पंवार, डॉ. देवेन्द्र मेघवाल एवं डॉ. प्रशांत सिंह के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं को सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों को आगामी चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में मीणाक्षी महाविद्यालय सलूंबर में भी ब्रांड एंबेसडर नरेश खैरी एवं सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व एवं मतदाताओं की जागरूक भागीदारी के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में सारथी सार, प्रबंधक अभिमन्यु मीणा, प्राचार्य डॉ. नीतू सोलंकी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता हिमांशु चौबीसा ने किया।
इसके अतिरिक्त स्वीप ब्रांड एंबेसडरों ने सलूंबर नगर के बस स्टैंड एवं गांधी चौक पर आमजन को संबोधित कर आगामी 11 सितम्बर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
सभी कार्यक्रमों में स्वीप प्रकोष्ठ से दिनेश कुमार सोलंकी, इन्द्र लाल पंचाल, राजेन्द्र कुमार पण्ड्या, प्रदीप जोशी, दीपक मेहता एवं कुलदीप पाण्डे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए 11 सितम्बर को निर्भीक होकर, जिम्मेदारी के साथ और आवश्यक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
