सलूंबर निकाय चुनाव: कलक्टर ने किया स्ट्रांग रूम व मतगणना कक्ष का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा कर समय पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मतदाता जागरूकता बैनर पर हस्ताक्षर करते हुए।
सलूम्बर, 5 सितम्बर। नगर परिषद सलूम्बर के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन निर्वाचन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूम्बर परिसर स्थित जिला सार्वजनिक पुस्तकालय में स्थापित स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष एवं रिजर्व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार किए गए निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना कक्ष में उपलब्ध सुविधाओं तथा रिजर्व स्ट्रांग रूम में की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सहित प्रत्येक व्यवस्था पुख्ता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, आवश्यक बैरिकेडिंग, मतगणना कक्षों की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक निर्वाचन प्रबंधों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीयूष चावला तथा रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि नगर परिषद सलूम्बर के आम चुनाव-2026 के तहत मतदान 11 सितम्बर 2026 को तथा मतगणना 14 सितम्बर 2026 को निर्धारित है। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
