सलूम्बर नगर परिषद आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद ने सलूम्बर नगर परिषद क्षेत्र और उससे लगते सीमावर्ती क्षेत्रों में निर्धारित अवधि के लिए ड्राई डे घोषित किया है। आदेश के तहत मतदान से 48 घंटे पूर्व से मतदान समाप्ति तक और मतगणना दिवस पर शराब की बिक्री एवं परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

संयुक्त शासन सचिव, वित्त (आबकारी) विभाग, राजस्थान सरकार, जयपुर के पत्रांक एफ.4(5) वित/आब/2022 दिनांक 24 अगस्त 2026 के अनुसरण में जिला मजिस्ट्रेट ने आबकारी अधिनियम के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार 9 सितम्बर 2026 को सायं 6 बजे से 11 सितम्बर 2026 को सायं 6 बजे तक सलूम्बर नगर परिषद क्षेत्र एवं उससे लगते सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्राई डे रहेगा। इसके अलावा 14 सितम्बर 2026 को मतगणना दिवस के अवसर पर संपूर्ण दिवस शराबबंदी प्रभावी रहेगी।

निर्धारित अवधि में सलूम्बर नगर परिषद क्षेत्र की सभी देशी एवं विदेशी शराब की खुदरा दुकानें, थोक डिपो, होटल, बार, क्लब एवं रेस्टोरेंट में शराब की बिक्री और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंध केवल बिक्री तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसी भी व्यक्ति, होटल अथवा विक्रेता द्वारा शराब के भंडारण, परिवहन, बिक्री एवं वितरण पर भी पूर्ण रोक रहेगी।

जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी लाइसेंसधारी अथवा व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गंभीर उल्लंघन की स्थिति में संबंधित लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है।

आदेश की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग को सघन गश्त एवं निरीक्षण करने तथा प्रतिबंधित अवधि में शराब की अवैध बिक्री, परिवहन एवं वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद चुनाव के दौरान लागू यह व्यवस्था मतदान और मतगणना की निर्धारित अवधि में शराब की बिक्री एवं अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्त निगरानी सुनिश्चित करेगी।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story