सलूम्बर, 5 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर नगर परिषद सलूम्बर में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने शनिवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित निर्वाचन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान ताहेरिया विद्यालय तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दूदर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, मतदान कार्मिकों के लिए आवश्यक प्रबंध, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो और मतदान प्रक्रिया सुचारु एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व में ही पूर्ण कर ली जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाए रखने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों तक पहुंच मार्ग, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा प्रत्येक स्तर पर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया, नगर परिषद आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि नगर परिषद सलूम्बर के आम चुनाव-2026 के तहत मतदान 11 सितम्बर 2026 को आयोजित होगा। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story