सलूंबर में नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति नरेश जैन एवं उपसभापति डॉ. लव व्यास का रविवार को स्थानीय चौबीसा समाज की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समाजजनों ने दोनों जनप्रतिनिधियों को माला, उपारणा एवं पगड़ी पहनाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सभापति नरेश जैन ने कहा कि नगर परिषद के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने शहर की प्रमुख समस्याओं का समाधान करवाने के साथ विकास कार्यों को गति देना उद्देश्य बताया। उन्होंने तालाब के मध्य बनी नाली को हटाने सहित शहर की अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। सभापति ने कहा कि शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य करवाने के लिए सभी के सहयोग से प्रयास किए जाएंगे।

उपसभापति डॉ. लव व्यास ने समाजजनों का आभार जताते हुए कहा कि नगर के विकास में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। परिषद शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करेगी।

कार्यक्रम के दौरान सभापति नरेश जैन एवं उपसभापति डॉ. लव व्यास ने भगवान चारभुजा के दर्शन कर विधिवत आरती उतारी। इसके बाद भगवान बाणनाथ महादेव की आरती कर शहर में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। धार्मिक वातावरण में हुए आयोजन में समाज के महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुनील सेवक, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा सहित चौबीसा समाज के बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। समाजजनों ने नवनिर्वाचित सभापति एवं उपसभापति के समक्ष शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे भी रखे। स्वागत समारोह के साथ शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर भी मिला।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story