सलूंबर: सांसद मन्नालाल रावत ने 'दिशा' बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की
सांसद ने जल जीवन मिशन, पंचायती राज और स्वच्छता अभियान की प्रगति जांचते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।

सलूंबर पंचायत समिति सभागार में आयोजित 'दिशा' समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद मन्नालाल रावत (दाएं से तीसरे) के साथ विधायक शांता अमृत लाल मीणा (दाएं से दूसरी) और अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
सलूंबर। विकास की गति को धरातल पर उतारने और केंद्र व राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाने के संकल्प के साथ बुधवार को सलूंबर पंचायत समिति सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। उदयपुर लोकसभा सांसद श्री मन्नालाल रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। सांसद रावत ने स्पष्ट किया कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है, जिसे सफल बनाने के लिए प्रशासनिक मुस्तैदी अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परिणाम धरातल पर दिखने चाहिए।
बैठक के दौरान सांसद ने विभागवार एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और गत बैठक की अनुपालना रिपोर्ट का अवलोकन किया। पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में निष्क्रिय पड़े जॉब कार्डों को विशेष अभियान के माध्यम से पुनः सक्रिय किया जाए। साथ ही, आगामी “विबी जीरामजी अभियान” की सफलता सुनिश्चित करने हेतु इसके प्रारंभ होने से 15 दिन पूर्व ही समस्त तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। सांसद ने अधिकारियों को स्व-मूल्यांकन की सलाह देते हुए कहा कि वे अपने कार्यों की कमियों को स्वयं चिह्नित कर उनमें सुधार लाएं। स्वच्छता के मोर्चे पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को प्रतिदिन सुबह शहर का स्वयं निरीक्षण करने और अमृत अभियान के तहत नदी-नालों के कायाकल्प कर स्वच्छ वातावरण विकसित करने को कहा।
बैठक में 'धरती आबा योजना' के तहत शत-प्रतिशत कनेक्टिविटी और चिकित्सा क्षेत्र में सेमाल पीएचसी के लिए भूमि आवंटन की त्वरित कार्रवाई पर बल दिया गया। झल्लारा में तैनात एम्बुलेंस सेवा का लाभ सलूंबर क्षेत्र को भी सुचारू रूप से मिले, इसके लिए सांसद ने आवश्यक निर्देश जारी किए। जल संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने जिले की प्राचीन बावड़ियों के पुनरुद्धार हेतु जल स्वावलंबन अभियान के तहत प्रस्ताव तैयार करने और जन-भागीदारी बढ़ाने हेतु प्रति सप्ताह विशेष गतिविधि आयोजित करने के निर्देश दिए। वहीं, पीएचईडी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों, खुदी सड़कों और खराब हैंडपंपों पर सांसद ने नाराजगी जताई। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने भी हैंडपंप मरम्मत में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए तत्काल रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए।
शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए लाडो प्रोत्साहन योजना में सलूंबर को प्रथम स्थान मिलने पर शिक्षा विभाग की सराहना की गई, साथ ही पंचायती राज विभाग के समन्वय से 29 विद्यालयों में लंबित शौचालय निर्माण को शीघ्र पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। सांसद ने आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए बिजली-पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और 'एक पेड़ माँ के नाम' जैसे अभियानों को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला और जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार ने पीपीटी के जरिए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर सलूंबर विधायक शांता अमृत लाल मीणा और धरियावद विधायक थावरचंद मीणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास हेतु समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
