सलूंबर जिला मुख्यालय स्थित हरि मंदिर परिसर में पूर्व विधायक अमृतलाल मीणा की द्वितीय पुण्यतिथि पर गरिमामय पुष्पांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित वक्ताओं, क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से पूर्व विधायक को याद किया और क्षेत्र में उनके द्वारा करवाए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों को स्मरण किया।

शनिवार शाम आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रबुद्धजन और कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. व्यास ने पूर्व विधायक अमृतलाल मीणा के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा, "कोई चलता है पद चिन्हों पर, कोई खुद पद चिन्ह बनाता है।" उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अमृतलाल मीणा ऐसे ही नेता थे, जिन्होंने पूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लगाकर जनता के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी।



सभा में उपस्थित वरिष्ठ वक्ताओं ने भी पूर्व विधायक के जीवन चरित्र, उनकी सादगी और क्षेत्र की जनता के प्रति उनके जुड़ाव पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा, जिला मंत्री करणसिंह पंवार, रामेश्वर जोशी, सोहनलाल चौधरी, पुष्पेन्द्र सोनी और कैलाश गांधी ने अपने विचार साझा किए।

हरि मंदिर परिसर में पुष्पांजलि सभा के समापन के बाद सभी उपस्थित कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि वर्तमान विधायक शांता अमृतलाल मीणा के नेतृत्व में स्थानीय जिला अस्पताल पहुंचे। यहां विधायक शांता मीणा और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया तथा उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और सभी मरीजों को फल वितरित किए। पूर्व विधायक अमृतलाल मीणा की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के साथ सेवा कार्य के रूप में अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story