सलूम्बर। संगठन की मजबूती, सामाजिक बदलाव और राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका को लेकर सलूम्बर में महिला शिक्षिकाओं ने एकजुट होकर विचार मंथन किया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की जिला शाखा सलूम्बर के तत्वावधान में खण्ड कार्यालय सलूम्बर में जिला महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। तीन सत्रों में हुए इस सम्मेलन में संगठन विस्तार, वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन चरित्र और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के साथ महिला कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प व्यक्त किया।

सम्मेलन के प्रथम सत्र में जिला महिला संगठन मंत्री ललिता पूर्बिया ने संगठन की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की यात्रा, उसकी कार्यशैली और विस्तार के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके भवन, कार्यक्रम या संसाधनों में नहीं, बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यक्रम, कार्यकर्ता, कोष और कार्यालय को संगठन निर्माण के प्रमुख आयाम बताया।

द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. कौशल्या सोलंकी ने वीरांगना रानी पद्मावती के जीवन चरित्र पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने रानी पद्मावती के त्याग, साहस और राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण को भारतीय इतिहास की गौरवशाली परंपरा से जोड़ते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने इतिहास को तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर समझने तथा ऐतिहासिक घटनाओं में कथित मिथ्या बदलावों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

तीसरे सत्र में महिलाओं के समक्ष मौजूद सामाजिक चुनौतियों, उनके समाधान और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर खुलकर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र तक विकास की मजबूत नींव रखने में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। शिक्षिका की भूमिका केवल कक्षा में शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आने वाली पीढ़ी के संस्कारों और सोच को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी भी है।

इस अवसर पर संभाग संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह सारंगदेवोत ने भी अपने विचार रखते हुए महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता, सहभागिता और नेतृत्व क्षमता को संगठन की बड़ी शक्ति बताया तथा उनका मार्गदर्शन किया।

सम्मेलन में जिला महिला उपाध्यक्ष दुर्गा पटेल, जिला महिला शिक्षक सदस्य रेणु पटेल, सराड़ा महिला मंत्री भानदा मीणा और झल्लारा महिला मंत्री जशोदा गर्ग सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त भगवती मारु, सेवानिवृत्त होने वाली जिला प्राध्यापक सदस्य सुशीला मंडोवरा तथा पूर्व जिला संगठन मंत्री कृष्णा काबरा का बहनों की ओर से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। सम्मेलन का संयोजन चन्दा त्रिवेदी ने किया।

सम्मेलन का समापन संगठनात्मक एकजुटता, महिला नेतृत्व, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रहित में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी को लेकर सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ। तीनों सत्रों में हुए विचार मंथन ने संगठन विस्तार से लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण तक महिला शिक्षिकाओं की भूमिका को केंद्र में रखा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story