सलूंबर: लसाड़िया में 15 साल से सड़क निर्माण अधूरा, राहगीर परेशान
पुराना बस स्टैंड से छावनी तक सड़क जर्जर होने और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों व मरीजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

तस्वीर में लसाड़िया की जर्जर सड़क पर जलभराव के पास खड़ा व्यक्ति दिख रहा है।
लसाडिया l (सलूम्बर)। लसाडिया मुख्यालय पर 15 साल से सड़क निर्माण का इंतजार अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पुराना बस स्टैंड से छावनी रोड तथा हॉस्पिटल से मोहल्ला छावनी तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी बदतर हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने और कीचड़ होने से पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। मोहल्ले की अंदरूनी गलियों की हालत भी खराब बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
अंजुमन कमेटी सदर लसाडिया शराफत खान पठान ने कहा कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है। हर बार रोड स्वीकृत होने की बात कही जाती है, लेकिन 15 साल बीतने के बावजूद सड़क का निर्माण धरातल पर नजर नहीं आया। पुराना बस स्टैंड से छावनी और हॉस्पिटल से मोहल्ला छावनी तक मार्ग पूरी तरह खराब हो चुका है।
वार्ड नंबर 9 के वार्ड पंच शरीफ मोहम्मद ने बताया कि जर्जर सड़क के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत से पुराना बस स्टैंड से छावनी तथा हॉस्पिटल से मोहल्ला छावनी तक सड़क का जल्द निर्माण कराने, नालियों की व्यवस्था दुरुस्त करने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। 15 साल से लंबित सड़क निर्माण और बरसात में बढ़ती परेशानी के बीच स्थानीय लोगों की मांग अब जल्द समाधान की है।

Naresh kumar ved
नाम: नरेश कुमार वेद
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड क्षेत्र, लसाड़िया (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय मुद्दे
परिचय
नरेश कुमार वेद लसाड़िया उपखण्ड क्षेत्र के स्थानीय संवाददाता हैं। वह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसमें स्थानीय जनसमस्याएं, प्रशासनिक गतिविधियां, सामाजिक घटनाक्रम और ग्रामीण अंचल के समाचार शामिल हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
नरेश कुमार वेद को मीडिया क्षेत्र में दो दशकों का लंबा अनुभव है। वह साल 2006 से 'राजस्थान पत्रिका' में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और लगातार क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास (माध्यमिक शिक्षा) तक पूरी की है।
