लसाड़िया: पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा ने CHC को उपजिला चिकित्सालय बनाने की मांग की
वायरल बुखार से 5 बच्चों की मौत के बाद पूर्व प्रधान ने मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री को पत्र लिखकर स्वास्थ्य सुविधाएं सुधारने का आग्रह किया।

पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह और सांसद मन्नालाल रावत को पत्र लिखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लसाड़िया को उपजिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से क्षेत्र की जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था और हाल ही में हुई दुखद घटनाओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
वायरल बुखार से 5 मासूमों की मौत पर जताई चिंता
पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा ने अपने पत्र में लिखा कि "जिला सलूम्बर के अंतर्गत आने वाला लसाड़िया क्षेत्र के गांव लालपुरा में वायरल बुखार के चपेट में आने से 5 मासूम बच्चों की हृदयविदारक घटना होने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई हे, जिसके कारण आमजन का स्वास्थ्य अत्यंत प्रभावित हो रहा है।" क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का अभाव होने से मरीजों को समय पर उचित उपचार नहीं मिल पा रहा है, जिससे स्थिति और अधिक चिंताजनक बनती जा रही है।
सीमित संसाधनों से जूझ रहा स्वास्थ्य केंद्र
पत्र में आगे उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में लसाड़िया का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीमित संसाधनों एवं सुविधाओं के साथ कार्य कर रहा है, जो कि इस प्रकार की गंभीर परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं है। क्षेत्र की जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति एवं वर्तमान स्वास्थ्य संकट को देखते हुए इस केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।
उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता
यदि इस स्वास्थ्य केंद्र को उपजिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाता है, तो क्षेत्र के लोगों को बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही सुलभ हो सकेंगी। इससे भविष्य में लालपुरा जैसी हृदयविदारक घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी और गंभीर मरीजों को लंबी दूरी तय किए बिना त्वरित उपचार मिल सकेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
