श्री क्षत्रिय युवक संघ शिविर: सलूंबर में सात दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
सलूंबर के ग्लोबल एकेडमी विद्यालय में आयोजित श्री क्षत्रिय युवक संघ के सात दिवसीय माध्यमिक प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान, मध्यप्रदेश और हरियाणा के युवाओं ने अनुशासन और संस्कारों का पाठ पढ़ा।

सलूंबर में श्री क्षत्रिय युवक संघ के सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन पर राजमहल पहुंचे युवा।
सलूम्बर। अनुशासन, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को जीवन में उतारने के उद्देश्य से श्री क्षत्रिय युवक संघ का सात दिवसीय माध्यमिक प्रशिक्षण शिविर 10 से 15 नवम्बर तक सलूम्बर स्थित ग्लोबल एकेडमी विद्यालय में आयोजित किया गया। शिविर में राजस्थान सहित मध्यप्रदेश एवं हरियाणा से पहुंचे युवाओं ने क्षत्रियोचित संस्कारों के साथ संघर्ष, विनम्रता, अनुशासन और लोकसंग्रह के सूत्रों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। शिविर का संचालन संघ के केंद्रीय कार्यकारी रेवंत सिंह पाटोदा (सीकर) ने किया।
शिविर में डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सलूम्बर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, ब्यावर, बालोतरा, दौसा, रतलाम (मध्यप्रदेश) तथा रेवाड़ी (हरियाणा) सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। सात दिनों तक निर्धारित दिनचर्या के तहत जागरण, प्रातःकालीन गतिविधियां, बौद्धिक सत्र, खेलकूद, प्रार्थना, भोजन और रात्रिकालीन कार्यक्रम आयोजित किए गए। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को संघर्ष और टीम भावना का महत्व समझाया गया। वहीं अनुशासन और विनम्रता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर के बौद्धिक सत्रों में युवाओं को जीवन के ध्येय, क्षत्रिय के कर्तव्य और सामाजिक दायित्वों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श का अवसर मिला। पहले दिन ‘ध्येय और उद्देश्य’ विषय पर संवाद हुआ। इसमें विचार किया गया कि क्षत्रिय के जीवन का उद्देश्य क्या होना चाहिए और क्या संघ का उद्देश्य व्यक्ति के जीवन का ध्येय बन सकता है। इसके साथ ही लोकसंग्रह और क्षत्रिय के आचरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान तन सिंह द्वारा रचित गीत ‘मग भूल गया है जो उसका नहीं कोई रे’ पर भी विस्तारपूर्वक चिंतन किया गया। बौद्धिक चर्चाओं के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को अपने जीवन के उद्देश्य और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया गया।
शिविर के अंतिम दिन रविवार को प्रशिक्षणार्थियों ने सलूम्बर शहर के ऐतिहासिक राजमहल परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान परिसर में स्थित मां भगवती बायण माता के दर्शन भी किए। समापन कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को तिलक लगाकर विदाई दी गई।
शिविर में श्री क्षत्रिय युवक संघ माध्यमिक प्रशिक्षण शिविर के प्रभारी रेवत सिंह पाटोदा सीकर, संभाग प्रमुख भंवर सिंह बेमला, प्रांत प्रमुख वदन सिंह गेहूवाड़ा, कुलदीप सिंह नांद रेवाड़ी हरियाणा, कुलदीप सिंह पादरली कला बालोतरा, गुमान सिंह वालाई, घनश्याम सिंह लम्बापाड़ा, अमर सिंह प्रतापगढ़, विजय राज सिंह जालिया अजमेर, भगवान सिंह देवगांव अजमेर, जनक राज सिंह गेंदलिया भीलवाड़ा, भंवर सिंह अखेपुर सलूंबर, दलपत सिंह जालो की मदार राजसमंद, करण सिंह, सरदार सिंह की ढाणी किशनगढ़, विक्रम सिंह नेतावल खेड़ा, ललित सिंह शिरडी चितौड़गढ़, विक्रम सिंह सिलवासा वापी गुजरात, गंगा सिंह संजयाली बाड़मेर, धर्मेंद्र सिंह खिरिया केकड़ी, कृष्णपाल सिंह वनवासा डूंगरपुर, भंवर सिंह थड़ा, गोविंद सिंह करेली, धर्मेंद्र सिंह मां का गुड़ा, शंभू सिंह साठोदड़ा और भंवर सिंह अखेपुर सहित संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में संस्कार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। सात दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को क्षत्रियोचित जीवन मूल्यों, संघर्षशीलता और लोकसंग्रह के महत्व से परिचित कराया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
