त्रिवेणी संगम के पवित्र जल से हुआ सलूंबर के एकलिंगनाथ महादेव का जलाभिषेक
सलूंबर में सावन के अवसर पर धर्म जागरण प्रचार समिति संघ की कावड़ यात्रा निकली। उज्जैन, गौतमेश्वर और बेणेश्वर धाम के पवित्र जल से श्री एकलिंगनाथ महादेव का मंत्रोच्चारण के बीच जलाभिषेक किया गया।

तस्वीर में सलूंबर में आयोजित कावड़ यात्रा के दौरान भगवा वस्त्र और पारंपरिक पगड़ी पहने श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
सलूंबर। सावन के पवित्र माह के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला मुख्यालय पर भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत कावड़ यात्रा निकाली गई। “हर-हर महादेव” और “जय भोले” के जयकारों से शहर का कोना-कोना शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कावड़ियों द्वारा लाए गए तीन पवित्र धामों के जल से सेरिग तालाब की पाल पर स्थित ऐतिहासिक श्री एकलिंगनाथ महादेव का जलाभिषेक किया गया।
कावड़ यात्रा सोमवार प्रातः धर्म जागरण प्रचार समिति संघ के तत्वावधान में कृष्ण नगर (दूदर) से पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। सिर पर जल के कलश और कावड़ धारण किए श्रद्धालु भजन-कीर्तनों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़े। यात्रा कृष्ण नगर, आशीर्वाद गार्डन, चुंगी नाका, बस स्टैंड, लिंक रोड, सूरजपोल रोड, खटीकवाड़ा, गांधी चौक, होली चौक और आजाद मोहल्ला होते हुए सेरिग तालाब की पाल स्थित श्री एकलिंगनाथ महादेव मंदिर परिसर पहुंची।
पूरे मार्ग में स्थानीय नगरवासियों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह कावड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर ठंडा जल, फल और फलाहार की व्यवस्था की गई तथा कावड़ियों पर पुष्प वर्षा की गई।
कावड़ यात्रा के मंदिर परिसर पहुंचने पर श्री एकलिंगनाथ मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कावड़ियों का स्वागत-अभिनंदन किया। इसके बाद मंदिर के पंडितों के सानिध्य में मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के बीच जलाभिषेक का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।
कावड़ यात्रा में उज्जैन की शीप्रा नदी का जल, गौतमेश्वर महादेव का पावन जल तथा बेणेश्वर धाम के सोम, माही और जाखम नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम का जल लाया गया। इसी पवित्र जल से ऐतिहासिक श्री एकलिंगनाथ महादेव का जलाभिषेक किया गया। सावन के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में कावड़ यात्रा और जलाभिषेक के माध्यम से शिवभक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
