सलूंबर में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर INDIA गठबंधन का प्रदर्शन
मताधिकार और संविधान के अनुच्छेद 326 के मुद्दे पर कांग्रेस कार्यालय से गांधी चौक तक निकाली गई विरोध रैली, जलाया पुतला।

तस्वीर में सलूंबर के गांधी चौक पर पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन करते इंडिया गठबंधन के नेता व कार्यकर्ता।
सलूंबर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मताधिकार के मुद्दे को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के दलों ने जोरदार राजनीतिक प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर इंडिया गठबंधन के दलों की संयुक्त प्रेस वार्ता एवं बैठक आयोजित हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यालय से गांधी चौक तक विरोध रैली निकाली गई, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता के नेतृत्व में आयोजित हुआ। इस दौरान यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पगड़ी और माला पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक तक विरोध स्वरूप रैली निकाली।
गांधी चौक पहुंचने के बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया गया और राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर उनके इस्तीफे की मांग की गई। इस प्रदर्शन के साथ सलूंबर में मताधिकार के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के दलों ने अपना राजनीतिक विरोध दर्ज कराया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता ने संबोधन में कहा कि भारत का संविधान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक नागरिक को मताधिकार की शक्ति देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलीभगत कर करीब 13 करोड़ लोगों को मताधिकार से वंचित कर दिया है। कांग्रेस ने इसे असंवैधानिक कृत्य बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन के सभी दल एकजुट हैं और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में सीपीआईएम के जिलाध्यक्ष शंकरलाल चौधरी, कार्यकर्ता शंकरलाल मीणा, गोतमलाल मीणा, मोरीलाल मीणा सहित कांग्रेस की पूर्व विधायक बसंती देवी मीणा, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रूपलाल सालवी, महासचिव अब्दुल रऊफ खान, सचिव देवेंद्र सिंह कृष्णावत, नारायण भाई, शंकरलाल जोशी, भैरूलाल मीणा, मोहन जैन, प्रवक्ता गजानंद मेहता सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ब्लॉक अध्यक्ष सलूंबर लक्ष्मण सिंह राठौड़, लसाड़िया महेंद्र सिंह चौहान, सराड़ा गणेश लाल चौधरी, नगर अध्यक्ष सुनील सेवक, शंकर लाल चौधरी, राज्य सचिव, भाकपा-माले, सौरभ नरुका, राज्य सचिव, ऐक्टू, शंकर लाल मीणा जिला सचिव भाकपा-माले, डॉ. एलआर पटेल, जिला अध्यक्ष किसान महासभा, गौतम लाल मोरिला, जिला सचिव, किसान महासभा, पूरण मल माल, अध्यक्ष, आदिवासी संघर्ष मोर्चा, जबीउल्ला शहर सचिव, भाकपा माले सहित अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
प्रेस वार्ता, विरोध रैली, अनुच्छेद 326 के वाचन और पुतला दहन के जरिए इंडिया गठबंधन के दलों ने सलूंबर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मताधिकार के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
