सलुम्बर के मनावतपुरा में अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, क्लीनिक सील, एफआईआर के निर्देश
सलुम्बर में जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद के निर्देश पर "सैटर डाउन" अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने मनावतफला में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, जबकि प्रशासन ने अभियान जारी रहने की बात कही है।

सलुम्बर के मनावतफला स्थित एक क्लीनिक में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करती हुई।
सलुम्बर में जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान "सैटर डाउन" के तहत स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लीनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कालीभीत ग्राम पंचायत के मनावतफला में संचालित एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। कार्रवाई खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिंटू कुमावत के नेतृत्व में की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मनावतफला स्थित क्लीनिक पर अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान वहां आरिफ खान मरीजों का उपचार करता हुआ मिला। जांच के दौरान उससे चिकित्सा संबंधी वैध डिग्री और पंजीकरण के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिंटू कुमावत ने बताया कि क्लीनिक में रखी गई दवाओं के संबंध में भी आरिफ खान संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को सील कर दिया।
मामले की जानकारी संबंधित बीट के थाना प्रभारी को दे दी गई है। साथ ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
डॉ. सिंटू कुमावत ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति बिना डिग्री के मरीजों का उपचार कर रहा है या अवैध क्लीनिक संचालित कर रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन को गलत उपचार से बचाया जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद के निर्देश पर "सैटर डाउन" अभियान के तहत जिलेभर में अवैध क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
