सलूंबर। हर घर तिरंगा अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को सलूंबर शहर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान के साथ देशभक्ति का संदेश दिया।



तिरंगा रैली का शुभारंभ जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., विधायक शांता अमृतलाल मीणा और भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान से शुरू हुई और चुंगी नाका, बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी मूर्ति, गांधी चैक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

रैली के दौरान पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों के देशभक्ति नारों, राष्ट्रभक्ति गीतों और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज से वातावरण देशप्रेम की भावना से सराबोर रहा। मार्ग में नागरिकों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

गांधी चैक पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अभियान से जुड़कर इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अपने घर पर तिरंगा फहराने और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. ने उपस्थित प्रतिभागियों को तिरंगा शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

आयोजन के माध्यम से जिले में हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ अभियान से जोड़ने का संदेश दिया गया। तिरंगा रैली ने शहर में अभियान की शुरुआत के साथ राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की सामूहिक भावना को सामने रखा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story