सलूंबर में खाद्य सुरक्षा दल की कार्रवाई, 30 लीटर एक्सपायरी आइस कैंडी नष्ट
शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत दुकानों का निरीक्षण, नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए और विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई।

सलूंबर (प्रात:काल संवाददाता)। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश भर में संचालित 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत सलूंबर जिले में मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का सिलसिला जारी है। भीषण गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के नेतृत्व में विशेष दल ने मंगलवार को सलूंबर शहर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान दल ने बाईपास स्थित मेसर्स पवन कुमार मगनलाल फर्म की जांच की, जहाँ से 'सूजी लेक सिटी' ब्रांड का नमूना लिया गया। जांच के समय फर्म में स्वच्छता मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संचालक को तत्काल पेस्ट कंट्रोल करवाने, कार्यरत समस्त कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने तथा परिसर में पुख्ता साफ-सफाई बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए टीम ने मौके पर मौजूद 30 लीटर अवधि पार (एक्सपायरी) आइस कैंडी को तत्काल प्रभाव से नष्ट करवाया।
इसके पश्चात खाद्य सुरक्षा दल ने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित फ्रूट जूस की दुकानों एवं फल विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश दी। अधिकारियों ने फल विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि वे फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड, मोम अथवा किसी भी प्रकार के हानिकारक रसायनों का प्रयोग कदापि न करें। टीम ने स्पष्ट किया कि केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त इथिलीन गैस पाउच का ही उपयोग किया जाए। यद्यपि निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान पर हानिकारक रसायनों की पुष्टि नहीं हुई, किंतु सतर्कता बरतते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए। संकलित किए गए समस्त नमूनों को सूक्ष्म जांच हेतु जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस सक्रियता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

