सलूंबर में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने बुधवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित वीसी कक्ष में विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ दूसरी समीक्षा बैठक आयोजित कर चुनावी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करे और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाएं।

मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने प्रशिक्षण व्यवस्था, मतदान केंद्रों के भौतिक निरीक्षण, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास और अन्य चुनावी तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनाव संचालन, निर्वाचन अनुभाग, लेखा, मतदान केंद्र, न्याय एवं कानून व्यवस्था, मतदान दल गठन, आदर्श आचार संहिता, रूट चार्ट, यातायात, वेयरहाउस, प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री भंडारण, रसद, मीडिया, कंप्यूटर व्यवस्था और सामान्य व्यवस्था सहित विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारु, निर्बाध और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि की लगातार निगरानी करने और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पीआरओ पुष्पक मीणा सहित सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर आयोजित इस समीक्षा बैठक में प्रशासनिक तैयारियों की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही और आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story