सलूम्बर में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की मासिक बैठक जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में गुरुवार, 22 अक्टूबर को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्धारित समयावधि में कार्य पूरे करने और पेयजल सुविधाओं से वंचित संस्थानों में जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधीक्षण अभियंता एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य सचिव आर.पी. जीनगर ने जिले में संचालित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। सबसे पहले ओटीएमपी (OTMP) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके गांवों में शेष कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन के सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने और सोर्स सस्टेनेबिलिटी प्लान जल्द तैयार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सोम-कमला-अम्बा परियोजना से लाभान्वित गांवों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। परियोजना खंड उदयपुर के सहायक अभियंता छगन सुधर ने विभिन्न पैकेजों के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

इसके बाद स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में पेयजल उपलब्धता की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने पेयजल सुविधा से वंचित संस्थानों में जल्द पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इससे संबंधित संस्थानों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया गया।

बैठक में एसीईओ सलूंबर रामअवतार यादव, अधिशासी अभियंता पीएचईडी विमल प्रकाश सिसोदिया, अधीक्षण अभियंता वाटर शेड रतन सिंह भाटी, पीएचईडी के सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूरा करने, योजनाओं की प्रगति तेज करने और पेयजल से वंचित संस्थानों तक सुविधा पहुंचाने से जुड़े निर्देशों की समीक्षा की गई।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story