सलूम्बर, 8 जुलाई। जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के विकास, उत्थान और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से 50.00 लाख रुपये की विशेष योजना तैयार की है। इस योजना के माध्यम से खिलाड़ियों को खेल सामग्री, उपकरण, खेल पोशाक और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने की पहल की गई है।

जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद ने बताया कि योजना के तहत विभिन्न खेलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों का चयन किया गया है। चयनित विद्यालयों में वर्षभर राष्ट्रीय स्तर के अच्छे खिलाड़ियों या प्रशिक्षकों को आमंत्रित कर 15-15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्री, उपकरण, खेल पोशाक तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है।

अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि योजना में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, खो-खो, बैडमिंटन, सॉफ्टबॉल, हैंडबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल, वेट लिफ्टिंग और तीरंदाजी जैसे खेलों को शामिल किया गया है। इसके लिए 28 से 30 विद्यालयों का चयन किया गया है, जिनका विगत वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से जिले के खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आएगा और वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि इस योजना का भव्य शुभारंभ आज प्रातः 8:30 बजे उच्च माध्यमिक विद्यालय करावली, सलूम्बर के खेल प्रांगण में सांसद मन्नालाल रावत, जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद तथा जनप्रतिनिधियों के करकमलों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुभारंभ कार्यक्रम के बाद सॉफ्टबॉल का एक प्रदर्शन मैच भी आयोजित किया जाएगा। यह योजना जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story