सलूंबर, 30 सितम्बर। जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने बुधवार को सलूंबर जिले का दौरा कर कलेक्टर परिसर स्थित वीसी कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन, बेहतर अंतरविभागीय समन्वय और संवेदनशीलता के साथ आमजन को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रभारी सचिव ने फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की क्रियान्विति, राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने जन स्वास्थ्य एवं जलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, राजस्व, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सार्वजनिक निर्माण, जल संसाधन, नगरीय विकास, कृषि, उद्योग, गृह, महिला एवं बाल विकास, वन, परिवहन, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, श्रम एवं कौशल तथा युवा मामले एवं खेल विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी ली।

बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं नमो ड्रोन दीदी, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि आमजन को राहत प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए उसका नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाएं।

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों की भी जिला प्रभारी सचिव ने विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रकरण 15 दिन से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिला प्रभारी सचिव ने ई-फाइल प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पत्रावलियों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीन कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा सभी प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से जिला प्रभारी सचिव को अवगत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं सभी विभागीय अधिकारी पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों की गति को बनाए रखेंगे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story