जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीबी मरीजों की पहचान सुनिश्चित करते हुए घर-घर सर्वे अभियान चलाया जाए तथा मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से की जाए। साथ ही “निक्षय मित्र” बनाए जाने और टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए।

जिला कलक्टर ने कहा कि टीबी के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएं, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में एक्स-रे मशीन सेवाओं और सैंपल जांच व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि चिकित्सा विभाग की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समय पर मिले तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, टीबी मरीजों की पहचान और जागरूकता अभियानों पर विशेष जोर दिया गया, जिससे जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story