कांग्रेस ने सलूंबर जिला मुख्यालय पर कथित ‘वोट चोरी’ और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकाला, जो पंचायत दाल चौराहा होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच और संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग को रोकने की मांग की गई।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की कमी है और चुनावी तंत्र का इस्तेमाल सत्तारूढ़ भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इन आरोपों के आधार पर संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग उठाई। हाल के दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानंद मेहता एडवोकेट ने कहा कि राहुल गांधी लगातार मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे को लेकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं और इसी के विरोध में देशभर में आंदोलन किया जा रहा है।

मेहता ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने बताया कि सलूंबर में भी प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story