सलुम्बर जिला कांग्रेस मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष एडवोकेट परमानन्द मेहता की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में केंद्र सरकार की समान नागरिक संहिता (यूसीसी) नीति के खिलाफ तीखे तेवर अपनाए गए हैं। बैठक के दौरान इस संवेदनशील विषय पर सरकार द्वारा मांगे जा रहे सुझावों को जनता के साथ सरासर छलावा करार दिया गया है। जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता ने केंद्र और राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बिना किसी लिखित प्रारूप या ड्राफ्ट को सार्वजनिक किए बिना इस प्रकार सुझाव मांगना एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का यह कदम असल जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने और समाज के सौहार्दपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का एक प्रयास है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों का पालन करते हुए कांग्रेस ने निर्णय लिया है कि सलुम्बर जिले में सरकार द्वारा यूसीसी को लेकर आयोजित होने वाले किसी भी कार्यक्रम का पार्टी पूर्ण बहिष्कार करेगी और इसके विरोध में ज्ञापन भी सौंपेगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए जानकारी दी गई कि 14 जुलाई 2026 को एआईसीसी के जनरल सचिव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सलुम्बर पहुंचेंगे। सचिन पायलट का दोपहर 12.30 बजे आरटीओ सर्कल पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया जाएगा। इस आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी तीनों ब्लॉकों के अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को सौंप दी गई है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story