सलूम्बर। जिले में संचालित कृषि एवं उद्यानिकी विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने बुधवार को विभिन्न गांवों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की, बल्कि किसानों से सीधा संवाद कर बिजली बचत, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और उत्पादन वृद्धि से जुड़े अनुभवों को साझा किया।

निरीक्षण अभियान के तहत मोरिला और राजपुरा गांव में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर पंपों का अवलोकन करते हुए जिला कलेक्टर ने किसानों को सिंचाई व्यवस्था में मिली सहूलियत और बिजली बचत के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित किसानों को प्रोत्साहित करते हुए निर्देश दिए कि वे अन्य ग्रामीणों को भी इन सौर ऊर्जा आधारित तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करें। अदकालिया गांव में किसान बालजी मेहता के मॉडल फार्म पर पहुंचते ही जिला कलेक्टर ने वहां अपनाई गई उन्नत बागवानी पद्धतियों की सराहना की। इस फार्म पर अमरूद की आधुनिक खेती, ड्रिप सिंचाई, फव्वारा संयंत्र, सोलर सिस्टम, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट और जीवामृत जैसी गतिविधियों को देखकर उन्होंने इसे अन्य कृषकों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण करार दिया और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के स्पष्ट निर्देश दिए।

जयसमंद क्षेत्र के गातोड़ गांव में किसान शंकर मीणा द्वारा संचालित मधुमक्खी पालन यूनिट का अवलोकन करते हुए जिला कलेक्टर ने उनके उद्यम की प्रशंसा की। किसान ने बताया कि इस यूनिट के माध्यम से एक माह में ही 25 किलो शहद का उत्पादन प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त पहाड़ी गांव में जैविक खेती एवं गोवर्धन जैविक यूनिट का निरीक्षण कर कलेक्टर ने वहां के किसानों से प्राकृतिक खेती की संभावनाओं पर चर्चा की और कृषि विभाग को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती की योजनाओं से जोड़ा जाए। बूटवास गांव में फार्म पॉन्ड योजना के निरीक्षण के दौरान जल संरक्षण से फसल उत्पादन में हुई वृद्धि की समीक्षा की गई। इस सम्पूर्ण निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कृषि विभाग के मोहम्मद गोस, उद्यानिकी विभाग के पुरुषोत्तम भट्ट, संबंधित फील्ड स्टाफ तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। कलेक्टर का यह दौरा जिले में कृषि नवाचारों को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story