सलूम्बर, 09 सितम्बर। निदेशालय नागरिक सुरक्षा, राजस्थान, जयपुर तथा कार्यालय नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, उदयपुर के आदेशानुसार जिला सलूम्बर के लिए नामांकित पुरुष एवं महिला नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संपर्क परेड, दस्तावेज सत्यापन, दक्षता परीक्षण एवं आपदा-प्रतिक्रिया संबंधी संक्षिप्त ब्रीफिंग मंगलवार को जयसमंद झील की पाल पर आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, सलूम्बर डॉ. दिनेश राय सापेला ने की।

कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की उपस्थिति एवं पहचान का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों के संपर्क विवरण, आवेदन-पत्र में अंकित योग्यताओं और आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया। स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत ड्राइविंग लाइसेंस, आरएससीआईटी प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों एवं योग्यताओं का भी सत्यापन किया गया।

दक्षता परीक्षण के दौरान आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए स्वयंसेवकों की दक्षता, तत्परता तथा कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का परीक्षण किया गया। इस अवसर पर डॉ. दिनेश राय सापेला ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को नागरिक सुरक्षा से संबंधित कर्तव्यों एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए हर परिस्थिति में सेवा और सहायता के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया।

संक्षिप्त ब्रीफिंग के दौरान स्वयंसेवकों को बाढ़, अतिवृष्टि, भूकम्प, आकाशीय बिजली, आगजनी सहित विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों तथा नागरिक सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

स्वयंसेवकों को आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने, प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने तथा प्रभावित लोगों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने में अपनी भूमिका का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। संपर्क परेड, दस्तावेज सत्यापन और दक्षता परीक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों की तैयारी तथा आपदा-प्रतिक्रिया संबंधी जिम्मेदारियों के प्रति उनकी तत्परता का परीक्षण किया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story