सलूम्बर में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, जनसंख्या गणना के लिए सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण
सलूम्बर में 23 और 24 अक्टूबर 2026 को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए नियमित सहायकों और तकनीकी सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। शिविर में CMMS पोर्टल, गणना ब्लॉक निर्माण, जियो-टैगिंग और पंजीकरण प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

सलूम्बर के नगर परिषद सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान सहायकों को तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी देते अधिकारी।
सलूम्बर में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं वार्ड स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 23 एवं 24 अक्टूबर 2026 को नगर परिषद सभागार, सलूम्बर में नियमित सहायकों और तकनीकी सहायकों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय गहन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
जनसंख्या कार्य निदेशालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री मुहम्मद जुनैद पी.पी. के निर्देश पर किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री मुहम्मद जुनैद पी.पी. और जिला जनगणना अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण की शुरुआत में उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. शैल सिंह सोलंकी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के द्वितीय चरण की जानकारी दी। इसके बाद जिला समन्वयक श्री आशुतोष कुमार और श्री राहुल भारद्वाज ने जिले के सभी चार्ज के नियमित सहायकों एवं तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना के द्वितीय चरण में चार्ज अधिकारियों के कर्तव्यों, उपखंड जनगणना अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के कार्यों के बारे में विस्तार से बताया गया। दो दिवसीय शिविर में प्रतिभागियों को जनगणना के द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली से संबंधित सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस दौरान आधुनिक तकनीक और वेब पोर्टल आधारित प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
प्रशिक्षण में सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक (HLB) से गणना ब्लॉक (EB) बनाने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही एचएलबीसी वेब पोर्टल (HLBC WEB PORTAL) के जरिए गणना ब्लॉक की जियो-टैगिंग और सीमांकन की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रतिभागियों को ग्राम एवं नगर रजिस्टर तथा चार्ज रजिस्टर तैयार करने और उनसे संबंधित विवरणों के संधारण एवं प्रविष्टि की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा सीएमएमएस पोर्टल पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के पंजीकरण एवं आवंटन से जुड़ी प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। जनगणना के द्वितीय चरण के लिए आवश्यक अन्य पोर्टल आधारित गतिविधियों और तकनीकी प्रक्रियाओं का भी प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर में सलूम्बर, नगर परिषद, सराड़ा, सेमारी, झल्लारा और लसाड़िया स्थित सभी चार्ज जनगणना कार्यालयों से एक-एक नियमित सहायक और एक-एक तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। जिला कार्यालय की ओर से श्री अशोक पटेल, मनीष सालवी, कृतिका सोनी, सना खान, नरेश सुथार और विश्वराज चौहान भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दो दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना से जुड़ी प्रक्रियाओं, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा, ताकि निर्धारित कार्यों को समन्वय के साथ संपन्न कराया जा सके।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
