सलूंबर। जिला मुख्यालय पर रविवार को आयोजित दो अलग-अलग रक्तदान शिविरों में कुल 116 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। जिला केमिस्ट अलायन्स एवं आरएनटी मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में मां मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में आयोजित शिविर में 25 यूनिट, जबकि विद्यानिकेतन विद्यालय में सेवा भारती की ओर से आयोजित शिविर में 91 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

जिला केमिस्ट अलायन्स अध्यक्ष सुशील मिण्डा ने बताया कि राज्य में रक्त की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं को होने वाली परेशानियों को देखते हुए संगठन की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मां मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में आयोजित शिविर में केमिस्ट अलायन्स के सदस्यों के साथ आरएनटी मेडिकल कॉलेज से जुड़े सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। इस शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

वहीं, विद्यानिकेतन विद्यालय में सेवा भारती की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में सेवा भारती के सदस्यों के साथ दक्ष स्टडी संस्थान के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं के उत्साह से शिविर में 91 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।

इस अवसर पर सेवा भारती संस्थान अध्यक्ष सोहनलाल भलवाड़ा, महेश आमेटा, सुभाष नेभनाणी, कैलाश नेभनाणी, दक्ष संस्थान के बीआर यादव, जिला केमिस्ट अलायन्स के सचिव भंवरलाल नागदा, कोषाध्यक्ष प्रदीप गांधी, दिलीप गांधी, मां हॉस्पिटल के डायरेक्टर योगेश जोशी, विमल मिण्डा, रवि नागदा एवं चन्द्रेश सुथार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। दोनों शिविरों में हुए रक्त संग्रह से रक्त की जरूरत वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग उपलब्ध हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story