सलंबर शहर के पंचमुखी हनुमान मंदिर व्यायामशाला के निकट स्थित आमेटा समाज के पंचायती भवन में रविवार को श्री राष्ट्रीय बजरंग व्यायामशाला की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह एवं गुरु वंदन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, जबकि वरिष्ठ मार्गदर्शकों ने युवाओं से शारीरिक विकास के साथ राष्ट्रभक्ति और संस्कारों से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान व्यायामशाला के संरक्षक उस्ताद भेरूलाल पटेल, शिवप्रसाद आमेटा, निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश गांधी, महेश चन्द्र आमेटा और भगवतीलाल सेवक मंचासीन रहे। सभी वरिष्ठजनों ने नवीन कार्यकारिणी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए व्यायामशाला की गौरवमयी परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता अम्बालाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को बजरंग बली (हनुमान जी) के आदर्शों पर चलते हुए बल और बुद्धि का समन्वय करना चाहिए। उन्होंने समाज और राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि घर, परिवार, समाज और राष्ट्र के युवाओं को सुसंस्कृत और विवेकपूर्ण बनाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि नई पीढ़ी को अपने पारिवारिक और परंपरागत व्यवसायों से जोड़ना तथा उनमें इन मूल्यों का विकास करना आज के समय की बड़ी आवश्यकता है।

समारोह के दौरान व्यायामशाला के विकास में अमूल्य योगदान देने के लिए निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश गांधी का भावभीना स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष करणसिंह पंवार का समाज और व्यायामशाला के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से साफा एवं माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।

गुरु वंदन कार्यक्रम के पश्चात नवीन कार्यकारिणी के अध्यक्ष करणसिंह पंवार, उपाध्यक्ष हरकलाल पुर्बिया एवं प्रवीणसिंह चौहान, सचिव कुश व्यास, सहसचिव हेमन्त पटेल तथा कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा को पद की शपथ दिलाई गई। इस गरिमामयी समारोह के साक्षी बनने के लिए शहर के अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिक, व्यायामशाला के सदस्य तथा विभिन्न समाजों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और व्यायामशाला की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story