सलूम्बर में रक्षाबंधन और ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने 40 किलोग्राम मिलावटी मावा जब्त कर नष्ट करवाया। करावली क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान न्यू जोधपुर मिष्ठान एवं नमकीन भंडार पर यह मावा मिला, जिससे विभिन्न प्रकार की मावे की मिठाइयां तैयार की जा रही थीं और त्योहारी सीजन में आमजन को बिक्री की तैयारी थी।

सलूम्बर, 25 अगस्त। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी है। जिला कलेक्टर श्री मोहम्मद जुनैद पी.पी. एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूम्बर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल ने करावली क्षेत्र स्थित विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान मैसर्स न्यू जोधपुर मिष्ठान एवं नमकीन भंडार पर भारी मात्रा में मिलावटी मावा पाया गया। इस मावे से विभिन्न प्रकार की मावे की मिठाइयां तैयार की जा रही थीं, जिन्हें त्योहारी सीजन के दौरान आमजन को बिक्री किए जाने की तैयारी थी। खाद्य सुरक्षा दल ने मौके से 40 किलोग्राम मिलावटी मावा जब्त किया और जनहित में नियमानुसार गड्ढे में डालकर नष्ट करवाया।

त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई भी की गई। खाद्य सुरक्षा दल ने न्यू जोधपुर मिष्ठान एवं नमकीन भंडार तथा जैन मिष्ठान एवं नमकीन भंडार से जांच के लिए मावा बर्फी, रसगुल्ले एवं फिक्का मावा के कुल 3 नमूने लिए हैं। सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार परमार ने बताया कि ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपील की कि वे वैध खाद्य अनुज्ञा पत्र प्राप्त करने के बाद ही खाद्य कारोबार करें। बिना खाद्य अनुज्ञा पत्र के खाद्य सामग्री का क्रय, विक्रय, निर्माण, परिवहन एवं संग्रहण करना गैरकानूनी है।

डॉ. महेन्द्र कुमार परमार ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी निशा मीणा एवं सहायक शूरवीर सिंह उपस्थित रहे। त्योहारी सीजन के बीच खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण और नमूनीकरण की यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जारी रहेगी।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story