सलूम्बर जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद के सख्त निर्देशों के बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग की शिकायतों पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा ने राजस्व टीम का गठन कर हाईवे और विभिन्न मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को तत्काल प्रभाव से हटवाया है। लगातार चल रही इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

कार्रवाई के दौरान सलूम्बर के नवनिर्मित जिला अस्पताल के पास किए गए सभी अतिक्रमणों को राजस्व टीम ने हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए केबिन और बनाई गई बाउंड्री को हटाते हुए संबंधित लोगों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद किया गया।

सलूम्बर-ईटाली खेड़ा सड़क (एस.एच.-53) के किलोमीटर 6.700 पर काश्तकारों द्वारा करीब 30 वर्ष पूर्व बनाई गई अवैध बाउंड्रीवाल को भी हटाया गया। प्रशासन के अनुसार इस अतिक्रमण के कारण हाईवे पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। कार्रवाई के बाद मार्ग पर आवागमन सुचारु होने और दुर्घटनाओं पर रोक लगने की उम्मीद है। वहीं पुलिया के किनारे संचालित एक केबिन चालक को भी अतिक्रमण हटाने और भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद किया गया।

दूदर से बाईपास (एस.एच.-53) के किलोमीटर 85.500 से 86.500 के बीच नाली में मिट्टी भरकर किए गए अतिक्रमण को भी हटाकर सड़क और नाली को पूर्व स्थिति में बहाल कर दिया गया। इससे बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भरने की समस्या कम होगी और आवागमन सुगम बना रहेगा।

इसके अलावा हाड़ीरानी कॉलेज संपर्क सड़क से पंचायत समिति तक जाने वाले मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर सड़क की मूल चौड़ाई बहाल कर दी गई। वहीं लवकुश स्कूल से गणेशघाटी सड़क तक सड़क किनारे मौजूद बाधाओं और अवरोधक वृक्षों को हटाकर मार्ग को पूरी तरह आवागमन योग्य बनाया गया।

प्रशासन ने हाईवे किनारे संचालित केबिन चालकों को नोटिस जारी कर भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने के लिए भी पाबंद किया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक मार्गों को बाधा मुक्त बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story