सलूंबर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह शनिवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर के खेल प्रांगण में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने प्रातः 9.05 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में 44 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।



ध्वजारोहण के बाद जिला कलक्टर ने मार्च पास्ट का निरीक्षण किया। मार्च पास्ट में महाराणा प्रताप बटालियन, राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर खेरवाड़ा, राजस्थान रिजर्व पुलिस सलूंबर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर, एमजीजीएस गांधी चौक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बालिका दल सलूंबर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर, लवकुश उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर, विद्या निकेतन, ताहिरा उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर तथा प्रताप पब्लिक स्कूल सलूंबर की टुकड़ियों ने भाग लिया।

समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, विधायक शांता अमृतलाल मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने आकर्षक व्यायाम एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लवकुश उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूंबर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।



जिला स्तरीय समारोह में जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने जिले के विकास की प्राथमिकताओं एवं प्रशासन के संकल्पों को साझा किया। उन्होंने कहा कि वास्तविक स्वराज तभी सार्थक होगा, जब हर बच्चा शिक्षित, हर परिवार स्वस्थ और समाज सामाजिक कुरीतियों से मुक्त हो।

जिला कलक्टर ने शिक्षा और स्वास्थ्य को विकसित सलूंबर की आधारशिला बताया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विकास की प्राथमिकताओं और प्रशासन के संकल्पों को सामने रखते हुए उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति को वास्तविक स्वराज की सार्थकता से जोड़ा। समारोह में 44 प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया, जिससे आयोजन में उपलब्धियों और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story