कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को सलूम्बर जिले के दौरे पर रहे। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया। आसपुर से लेकर सलूम्बर जिला मुख्यालय तक जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया। पायलट जब उदयपुर-बांसवाड़ा बाईपास स्थित आरटीओ चौराहा पर बने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, तो वहां कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के माध्यम से उन पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान सेवादल के कार्यकर्ताओं ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता की अगुवाई में पायलट का मेवाड़ी साफा बांधकर, माला पहनाकर और स्मृति-चित्र भेंट कर सम्मान किया गया। स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष परमानन्द मेहता द्वारा दिया गया।



अपने संबोधन में सचिन पायलट ने राज्य सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश की जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर पंचायत चुनाव कराने में देरी करने का भी आरोप लगाया। पायलट ने दावा किया कि यदि प्रदेश में अभी चुनाव कराए जाएं, तो कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत हासिल होगा।

पायलट ने नरेगा योजना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसे बदलकर दूसरी योजना लाने की कोशिश की जा रही है, जिससे गरीबों के रोजगार पर सीधा असर पड़ सकता है। प्रदेश में पेपर लीक के मामलों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इन मामलों से बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और अब तक इन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story