क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान 'दक्ष स्टडी सेंटर' में रविवार को एक विशेष मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक सेवाओं में सफलता के प्रतिमान स्थापित करने वाले प्रदीप जोशी एवं अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की। इस गरिमामयी समारोह में सलूम्बर और आसपास के टीएसपी क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लेकर भविष्य की चुनौतियों और प्रशासनिक करियर की बारीकियों को समझा। कार्यक्रम का केंद्र बिंदु आरएएस प्रदीप जोशी का जीवन संघर्ष रहा, जिसकी मार्मिक दास्तां सुनकर पूरा सभागार भावुक हो उठा।

सेमिनार को संबोधित करते हुए प्रदीप जोशी ने बताया कि उनकी सफलता का मार्ग अत्यंत कठिन और कांटों भरा था। उन्होंने साझा किया कि कोविड काल के दौरान महाराष्ट्र में स्थित उनका सुव्यवस्थित होटल व्यवसाय पूरी तरह चौपट हो गया था और इसी संकट के बीच उनके पिता का साया भी सिर से उठ गया। जोशी ने नम आंखों से अपने छोटे भाई के त्याग को याद करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भाई ने पिता की भूमिका निभाई और हर कदम पर संबल प्रदान किया। इस भावुक क्षण में उनके बड़े भाई भी मंच पर उपस्थित थे, जो प्रदीप के संघर्षों को याद कर अपने आंसू नहीं रोक पाए।

अपने छात्र जीवन के संस्मरणों को रेखांकित करते हुए जोशी ने बताया कि वे आठवीं कक्षा से ही दक्ष स्टडी सेंटर के संरक्षक बी.आर. यादव सर के सान्निध्य में थे। उन्होंने स्पष्ट स्वीकारोक्ति की कि एक समय उनकी अंग्रेजी अत्यंत कमजोर थी, किंतु यादव सर के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम के बल पर उन्होंने अपनी इस कमजोरी को ही अपनी सबसे बड़ी ताकत में परिवर्तित कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी बनने का लक्ष्य उन्होंने स्कूल के दिनों में ही निर्धारित कर लिया था। टीएसपी क्षेत्र की प्रतिभाओं पर विश्वास जताते हुए जोशी ने कहा कि यहाँ के युवाओं में अपार क्षमता है, जिन्हें मात्र एक सही प्लेटफॉर्म, अवसर और उचित मार्गदर्शन की दरकार है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी समय में सलूम्बर क्षेत्र से कई और युवा आरएएस एवं अन्य उच्च सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story