जयपुर, 23 दिसंबर। राजस्थान एक बार फिर देश के लिए उदाहरण बनकर उभरा है। राज्य में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 (SIR) के तहत अपनाए गए नवाचारों और तकनीकी सुधारों की सराहना करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की टीम ने राज्य का दौरा किया। इससे पहले इस प्रक्रिया का अध्ययन उड़ीसा की टीम ने किया था।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान श्री नवीन महाजन ने बताया कि तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण के दौरान महाराष्ट्र के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मनोहर पार्कर और उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रशांत नवगे ने सचिवालय से लेकर बूथ स्तर तक SIR प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया।

सचिवालय में आयोजित प्रस्तुति में श्री नवीन महाजन ने SIR प्रक्रिया की संपूर्ण कार्यप्रणाली का चरणबद्ध विवरण प्रस्तुत किया। इसमें मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने, नव मतदाताओं के पंजीकरण, बीएलओ और BLA नियोजन, घर-घर सत्यापन, आईटी-आधारित समाधान और पारदर्शिता बढ़ाने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। महाराष्ट्र की टीम ने विशेष रूप से मीडिया और जागरूकता अभियानों के माध्यम से मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

अध्ययन भ्रमण के दौरान टीम ने फील्ड निरीक्षण भी किया। बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), निर्वाचन अधिकारियों और स्थानीय कार्मिकों से संवाद कर मतदाता सूची में नाम जोड़ने–हटाने, पात्रता जांच, विशेष प्रविष्टियों के प्रावधान और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) की प्रत्यक्ष जानकारी ली।

श्री नवीन महाजन ने बताया कि उच्च स्तरीय मैपिंग ने SIR प्रक्रिया को अत्यंत सरल और पारदर्शी बनाया है। इससे बूथवार मतदाता प्रबंधन सुदृढ़ हुआ है और मतदाताओं को बार-बार दस्तावेज प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं पड़ती। ECINET प्लेटफॉर्म, BLO ऐप, पोर्टल-आधारित सत्यापन प्रणाली और जिला हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाओं ने कार्यप्रणाली को तेज और विश्वसनीय बनाया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसे “टीम राजस्थान” की सफलता बताया। उन्होंने कहा कि गांव से शहर तक, बीएलओ से AERO तक और जिला निर्वाचन अधिकारियों से स्वयंसेवकों तक—सभी स्तर पर टीम भावना, सतत निगरानी और माइक्रो मैनेजमेंट ने इस उपलब्धि को संभव बनाया।

राजस्थान की इस प्रक्रिया को महाराष्ट्र और उड़ीसा की टीमों ने “अत्यंत सुव्यवस्थित, तकनीकी रूप से उन्नत, पूर्णतः पारदर्शी और मतदाता–केंद्रित” बताया। श्री नवीन महाजन के अनुसार, अन्य राज्यों के लिए यह नवाचार और तकनीकी सुधार आदर्श मॉडल के रूप में प्रेरणा स्रोत बन सकते हैं।

राजस्थान निर्वाचन विभाग के लिए यह सकारात्मक प्रतिक्रिया न केवल गर्व का विषय है, बल्कि राज्य को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी और विश्वसनीय निर्वाचन प्रणाली के निर्माण की दिशा में प्रेरित करती है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story