सलूम्बर। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) की संगठनात्मक गतिविधियों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने सलूम्बर जिले का दौरा किया। इस दौरान जिले की छह उपशाखाओं के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित द्विपक्षीय संवाद कार्यक्रम में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी रणनीति और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष हिमांशु भट्ट ने बताया कि राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन की व्यस्त तैयारियों के बावजूद प्रदेश अध्यक्ष का सलूम्बर आगमन जिले के लिए प्रेरणादायी रहा। संवाद के दौरान पुष्करणा ने विभिन्न उपशाखाओं से आए प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर संगठन की जमीनी मजबूती, अनुशासन और एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने आगामी राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन में अधिकतम सहभागिता का आह्वान करते हुए इसे शिक्षकों की संगठनात्मक शक्ति और सामूहिक चेतना के प्रदर्शन का सशक्त मंच बताया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सम्मेलन के दोनों दिनों में सभी सत्रों में पूर्ण समय तक सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अभ्यास वर्गों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर संगठन की मूल विचारधारा से जुड़ाव बनाए रखें। जिला मंत्री कमल आमेटा ने जानकारी दी कि संवाद के दौरान प्रदेश स्तर पर संगठन द्वारा उठाए जा रहे प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इनमें समस्त वर्गों के स्थानांतरण, विभिन्न संवर्गों की पदोन्नति, वेतन विसंगतियों का निराकरण तथा पंचायत शिक्षकों को नियमित करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल रहीं।

इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री देवीलाल पटेल, जिला संगठन मंत्री फणींद्र गर्ग, जिला महिला संगठन मंत्री ललित पुर्बिया, जयसमंद अध्यक्ष भंवरलाल सुथार, झल्लारा मंत्री दिनेश चौबीसा, सलूम्बर मंत्री नरेश चाष्टा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर संगठन की एकता, अनुशासन और शिक्षक हितों के लिए निरंतर संघर्ष के संकल्प को दोहराया गया, जिससे जिले में संगठनात्मक ऊर्जा और प्रतिबद्धता और अधिक सुदृढ़ हुई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story