राजस्थान तारबंदी योजना: सलूंबर के किसान की आय में 40 हजार रुपये की बढ़ोतरी
ग्राम विकास रथ अभियान के तहत किसान मोड़ सिंह को मिला 40 हजार का अनुदान, आवारा पशुओं से फसल सुरक्षा होने से उत्पादन और जीवन स्तर में हुआ सुधार।

सलूंबर की ग्राम पंचायत जवारडा में तारबंदी योजना का लाभ लेने के बाद अपने सुरक्षित खेत के पास खड़े किसान मोड़ सिंह (दाएं)।
माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ग्राम विकास रथ अभियान के तहत एक किसान की बदली हुई तस्वीर सामने आई है, जहां योजना के लाभ ने उसकी आय और जीवन स्तर दोनों में उल्लेखनीय सुधार किया है।
इसी क्रम में पंचायत समिति सलूंबर की ग्राम पंचायत जवारडा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। कार्यक्रम में जवारडा निवासी श्री मोड़ सिंह पुत्र श्री केसर सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत 40 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि पहले बिना तारबंदी के उनकी वार्षिक आय लगभग 80 हजार रुपये तक ही सीमित थी, लेकिन योजना का लाभ लेने के बाद यह बढ़कर करीब 1 लाख 20 हजार रुपये हो गई है। तारबंदी होने से उनकी फसल अब आवारा पशुओं और रोजड़ों से सुरक्षित हो गई है, जिससे उत्पादन में वृद्धि संभव हो सकी है।
श्री मोड़ सिंह ने कहा कि पहले उन्हें रातभर जागकर खेत की रखवाली करनी पड़ती थी, जबकि अब वे निश्चिंत होकर आराम कर पाते हैं। इस बदलाव ने न केवल उनकी आय में वृद्धि की है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार किया है।
उन्होंने योजना के लाभ के लिए मुख्यमंत्री एवं राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए अन्य किसानों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। यह उदाहरण ग्राम विकास रथ अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाता है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
