सलूंबर। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) की जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर रविवार को सलूंबर स्थित दक्ष संस्थान में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सलूंबर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट साथी उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से बिरदु राम यादव को राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) का जिला अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

उपस्थित सभी फार्मासिस्टों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए बिरदु राम यादव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद यादव ने नवीन जिला कार्यकारिणी का गठन किया।

नवीन कार्यकारिणी में अर्जुन लाल मीणा को उपाध्यक्ष, भाविन त्रिवेदी को सचिव, भरत मेहता और जगदीश शर्मा को संरक्षक, कुशाल सिंह पवार को संगठन मंत्री, नारायण मेघवाल एवं आशा जोशी को मीडिया प्रभारी तथा सुरेखा जोशी को महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बिरदु राम यादव ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी फार्मासिस्ट साथियों को एकजुट करना तथा उनकी समस्याओं और मांगों को उचित माध्यम से सरकार एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाना रहेगा। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट साथियों से जुड़ी समस्याओं पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान देकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

यादव पिछले करीब 14 वर्षों से फार्मासिस्ट के रूप में सेवाएं देते हुए रोगी कल्याण एवं जनसेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। अब उन्होंने संगठन की जिम्मेदारी संभालते हुए फार्मासिस्ट समुदाय के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

बैठक में उपस्थित फार्मासिस्ट साथियों ने नई कार्यकारिणी का स्वागत किया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने तथा फार्मासिस्टों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संकल्प लिया। जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ सलूंबर में फार्मासिस्टों की समस्याओं और मांगों को संगठित रूप से उठाने की जिम्मेदारी नई टीम को सौंपी गई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story