सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए ग्राम पंचायतों में रथ यात्रा और रात्रि चौपाल
उपखंड की विभिन्न पंचायतों में रथ यात्रा और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई।

सलूम्बर के बलीचा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान उपस्थित उपखंड अधिकारी दिनेश आचार्य, अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जन प्रतिनिधि।
राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से गुरुवार 14 मई 2026 को उपखंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रथ यात्रा, नाट्य प्रस्तुति और रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। गांव-गांव पहुंची रथ यात्रा के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनउपयोगी योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि नाटक के जरिए योजनाओं को सरल और प्रभावी तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम के तहत टेकन, धावड़ी, कुण, मानपुरियों का गुड़ा, शोभजी का गुड़ा और बलीचा ग्राम पंचायतों में रथ यात्रा एवं नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इस दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता और सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। बलीचा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का भी आयोजन हुआ, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान करने का प्रयास किया गया।
रथ यात्रा और रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी दिनेश आचार्य, तहसीलदार रामजीलाल गुर्जर, बीडीओ मांगूसिंह मीणा, पीओ नंदलाल और रथ संचालक विशाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संगठन की ओर से भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा, मंडल अध्यक्ष विक्रमसिंह झाला, विधानसभा प्रभारी महेश शर्मा, संयोजक गणपतसिंह, प्रभारी चंद्रपालसिंह पारेल, लक्ष्मण मीणा, युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष एवं उपप्रधान धनराज पटेल, महामंत्री महावीर जैन, प्रशासक धर्मचंद मीणा, प्रशासक शांता कुमारी, मंडल उपाध्यक्ष रतन पटेल, नोजीराम पटेल, लालूराम मीणा, पुष्कर चौधरी और राजस्थान सरकार की प्रतिनिधि दीपा जयपुर भी उपस्थित रहीं।
रात्रि चौपाल में सलूम्बर पंचायत समिति से सरपंच शंकरलाल, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, बूथ अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हुए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों के अभाव-अभियोग सुने गए तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। रथ यात्रा और चौपाल के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे सरकारी योजनाओं की पहुंच को गांव स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
