जनगणना 2027: राजस्थान में ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया का शुभारंभ
जिला कलेक्टर और विधायक ने पोर्टल पर पंजीकरण कर अभियान की शुरुआत की, प्रगणक 16 मई से घर-घर जाकर डेटा संकलित करेंगे।

नगर परिषद के फायर स्टेशन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के दौरान विधायक शांता अमृत लाल मीणा, जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी और अन्य अधिकारी स्व-गणना पोर्टल की जानकारी देते हुए।
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत शुक्रवार से स्व-गणना का कार्य विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। नगर परिषद के फायर स्टेशन में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में समस्त चार्ज जनगणना अधिकारियों एवं आमजन को प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई, जहां सांख्यिकी विभाग के शैल सिंह ने जनगणना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सुबह जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला ने अपने आवास पर स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर इस राष्ट्रीय कार्य की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही विधायक शांता अमृत लाल मीणा सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्वयं स्व-गणना कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी सहित जिले के सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों एवं आमजन ने एक साथ ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर में उपखंड जनगणना अधिकारियों एवं समस्त चार्ज जनगणना अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया और पोर्टल की बारीकियों से अवगत कराया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं अपने प्रपत्र भरकर यह संदेश दिया कि जनगणना प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और “पहले स्वयं, फिर परिवार और समाज” ही इसकी सफलता का मूल मंत्र है।
विधायक शांता अमृत लाल मीणा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। सटीक और पूर्ण जानकारी से ही सरकार योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर पाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल या वेबसाइट https://se.census.gov.in
का उपयोग करते हुए समय पर अपनी जानकारी दर्ज करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। डेटा संकलन के लिए प्रगणकों द्वारा मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जिससे कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने 1 मई से 15 मई 2026 तक चलने वाली ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया तथा 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर किए जाने वाले मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
स्व-गणना प्रक्रिया के तहत नागरिकों को पोर्टल पर राज्य राजस्थान का चयन कर कैप्चा कोड दर्ज करते हुए प्रारंभिक पंजीकरण करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, 10 अंकों का मोबाइल नंबर और वैकल्पिक ई-मेल आईडी दर्ज कर भाषा का चयन करना होगा। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर सत्यापन पूरा करने के पश्चात जिले का चयन, पिन कोड, गांव या मंडल की जानकारी भरनी होगी। पोर्टल के मानचित्र पर लाल मार्कर के माध्यम से आवासीय स्थान की पुष्टि करनी होगी। सभी जानकारियों को अंतिम रूप देने से पहले पूर्वावलोकन कर त्रुटियों को सुधारा जा सकता है, लेकिन अंतिम सबमिट के बाद संशोधन संभव नहीं होगा। सफल स्व-गणना के बाद नागरिक को ‘H’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आगमन पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना होगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला ने बताया कि स्व-गणना से प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनी है, जिससे समय की बचत और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित होगी। उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रशासन लगातार जनजागरूकता अभियान चला रहा है।
कार्यक्रम में विधायक शांता अमृत लाल मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला, एसडीएम जगदीश चन्द्र बामणिया, सांख्यिकी विभाग शैल सिंह, नगर परिषद आयुक्त गणपत लाल खटीक, पीआरओ पुष्पक मीणा, सीएमएचओ डॉ महेन्द्र परमार, आयुष विभाग डॉ जितेंद्र जोशी, पीएचईडी विभाग चेतन परमार सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी अधिकारियों ने जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
