सलूंबर, 19 दिसंबर।

देश की आगामी जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इसी क्रम में शुक्रवार को सलूंबर नगर परिषद सभागार में जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक इकाइयों की सूची और नक्शों के सत्यापन पर गहन मंथन हुआ। यह कार्यशाला जनगणना की आधारशिला माने जाने वाले पूर्व तैयारियों के महत्वपूर्ण चरण के रूप में आयोजित की गई।

कार्यशाला के दौरान जनगणना कार्य से जुड़ी टीम ने वर्ष 2011 के बाद जिले में तहसीलों, नगरों और ग्रामों की सीमाओं में हुए परिवर्तनों की समीक्षा की। नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और तहसीलों के अद्यतन नक्शों के सत्यापन के निर्देश दिए गए तथा संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेख समयबद्ध और सटीक रूप से अपडेट रखने पर विशेष जोर दिया गया।

सहायक निदेशक, जनगणना निदेशालय जयपुर ने कार्यशाला में जानकारी दी कि जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल होगी। इस बार डेटा संकलन के लिए मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा और पारंपरिक कागजी अनुसूचियों का प्रयोग नहीं होगा। जनगणना का प्रथम चरण अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक माह की अवधि में मकान सूचीकरण और आवास गणना की जाएगी। द्वितीय चरण फरवरी 2027 में होगा, जिसमें जनसंख्या गणना संपन्न की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों से कुल 33 प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इनमें खान-पान की आदतें, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता, वाहन स्वामित्व, आवास की स्थिति, पेयजल सुविधा, शौचालय की उपलब्धता और रसोई में उपयोग होने वाले ईंधन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं शामिल होंगी। इन आंकड़ों के माध्यम से सरकार को सामाजिक-आर्थिक योजनाओं के निर्माण में सटीक और विश्वसनीय आधार मिलेगा।

कार्यशाला में उपनिदेशक सांख्यिकी विभाग, संबंधित समस्त उपखंड अधिकारी, नगर परिषद आयुक्त, सभी तहसीलदार तथा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना-2027 की सफलता के लिए प्रारंभिक स्तर पर की जा रही यह तैयारी अत्यंत निर्णायक है, जिससे जिले में जनसंख्या से जुड़े आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story