प्रतिभावान विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रतिभा पायलट कार्यक्रम के तहत मंगलवार को दूसरे दिन पंचायत समिति लसाड़िया, झल्लारा एवं सलूम्बर में बैठकें आयोजित की गईं। राजस्थान सरकार के युवा एवं खेल मामले विभाग, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद जयपुर एवं शिक्षा निदेशालय बीकानेर के तत्वावधान में संचालित इस कार्यक्रम को विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला कलक्टर के निर्देशानुसार आयोजित बैठकों में संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों एवं पीईईओ को प्रतिभा पायलट कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को कार्यक्रम के उद्देश्यों, चयन प्रक्रिया तथा विद्यालय स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

बैठक में जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी एवं शिक्षा विभाग के सहायक नोडल अधिकारी प्रतिभा कमलेश पटेल ने विद्यालयों में कार्यक्रम के क्रियान्वयन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रारंभिक स्तर पर पहचानने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण आयोजित किए जाएंगे।

इस दौरान अधिकारियों एवं शिक्षा कार्मिकों को शारीरिक दक्षता परीक्षण में किए जाने वाले विभिन्न टेस्ट का प्रदर्शन भी किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मापदंडों एवं पारदर्शी प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण संपादित करने की जानकारी दी गई, ताकि प्रतिभावान विद्यार्थियों का उचित चयन सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम के तहत सलूम्बर जिले के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 57 हजार बालक-बालिकाओं का शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा। इन परीक्षणों के माध्यम से विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता एवं खेल प्रतिभा की पहचान कर प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

चयनित विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे प्रतिभावान विद्यार्थियों तक पहुंच बनाना है, जिन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते हैं।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यक्रम को जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में प्रभावी एवं व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाए। अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ परीक्षण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संपादित करने पर जोर दिया गया।

प्रतिभा पायलट कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल एवं शारीरिक दक्षता के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ प्रारंभिक स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में संबंधित ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, पीईईओ एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story