लसाडिया ब्लॉक में शिक्षा के प्रति जन-जागरूकता को सशक्त करने की दिशा में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने 23/04/26 को चयनित विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की माताओं के साथ विशेष वर्कशॉप आयोजित कर प्रभावशाली पहल की।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओवरा, राजकीय प्राथमिक विद्यालय आड़ावेला, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गदई अंजना और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चितौड़िया सहित अन्य विद्यालयों में आयोजित इस वर्कशॉप में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में माताओं ने भाग लेकर अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रथम के प्रतिनिधियों ने माताओं को सरल, व्यवहारिक और रोचक तरीकों से घर पर बच्चों को पढ़ाने के उपाय बताए। यह भी स्पष्ट किया गया कि कम पढ़ी-लिखी माताएं भी बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के माध्यम से सिखाने की विधियां बताकर माताओं में आत्मविश्वास और उत्साह बढ़ाया गया।

वर्कशॉप के दौरान बच्चों को कॉपी एवं पेंसिल सेट वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी और पढ़ाई के प्रति नया जोश दिखाई दिया। संस्था ने घोषणा की कि लर्निंग कैंप के दौरान 100% उपस्थिति रखने वाले बच्चों व उनके अभिभावकों को विद्यालय में बुलाकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया।

ब्लॉक लीडर कमल नागर ने बताया कि प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा विद्यालय और समुदाय स्तर पर लगातार नवाचारपूर्ण शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लर्निंग कैंप के शुरुआती चरण में माताओं को जोड़ना प्रभावी रणनीति है, जिससे बच्चों की शिक्षा को घर और विद्यालय दोनों स्तरों पर मजबूती मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल का उद्देश्य माताओं के मन में मौजूद झिझक को दूर करना और उन्हें यह विश्वास दिलाना है कि “हर मां अपने बच्चे की पहली शिक्षक होती है।”

संस्था द्वारा पिछले वर्ष भी बच्चों को कॉपी एवं पेंसिल सेट वितरित किए गए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए थे। इस वर्ष भी इस पहल से बच्चों की नियमित उपस्थिति, नामांकन में वृद्धि और सीखने के स्तर में सुधार की उम्मीद जताई गई है।

यह आयोजन शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा और यह स्थापित करता है कि समुदाय और विद्यालय के संयुक्त प्रयास से शिक्षा के क्षेत्र में ठोस और व्यापक बदलाव संभव हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story