सलूम्बर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिन तथा जैनाचार्य राष्ट्र संत आचार्य विहर्ष सागर महाराज की दीक्षा जयंती के पावन अवसर पर सलूम्बर में मानवता और सेवा भाव का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर जिला केमिस्ट एलायन्स और सकल जैन समाज के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर 32 यूनिट रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर का आयोजन जैन बोर्डिंग परिसर में किया गया, जहां सुबह से ही रक्तदाताओं की उपस्थिति ने आयोजन को जनसहभागिता का स्वरूप प्रदान किया। “रक्तदान महादान” के संदेश के साथ शहरवासियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन रक्षण में योगदान दिया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।

इस सेवा कार्य का आयोजन जिला केमिस्ट उदयपुर एडीसी सुरेश सागर, डीआई कुलदीप यदुवंशी और अनिरुद्ध खतरी के सानिध्य में संपन्न हुआ। आयोजक समिति द्वारा रक्तदाताओं का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में सुशील मींडा, दिलीप गांधी, अभय गांधी, भंवरलाल नागदा, गिरीश मेहता, दिनेश मालवीय, विशाल जैन, शुभम जैन भीमावत, चंदेश सुथार, रवि नागदा, सुयंश मिंडा, गौरव गांधी सहित अनेक केमिस्ट और जैन समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

यह रक्तदान शिविर न केवल मुख्यमंत्री के जन्मदिन और आचार्य विहर्ष सागर महाराज की दीक्षा जयंती को सार्थक रूप से मनाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश भी देकर गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story