राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘पंच गौरव एक जिला एक खेल’ के तहत जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अनटाइड फण्ड से प्रचार-प्रसार, अधिक से अधिक खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के उद्देश्य से 18 और 19 जुलाई 2026 को जिले की सभी पंचायत समितियों में ब्लॉक स्तरीय पंच गौरव कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद ने बताया कि जिले की सभी 157 ग्राम पंचायतों की बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी उपखण्ड अधिकारियों को ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को आयोजन संबंधी निर्देश जारी करने तथा ग्राम विकास अधिकारियों को दोनों वर्गों की टीमों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए हैं।

अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगभग 3500 से 4000 बालक एवं बालिकाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की आयु सीमा न्यूनतम 15 वर्ष और अधिकतम 21 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को निर्धारित प्रपत्र में टीम की सूचना, फोटो तथा जन्म प्रमाण पत्र ग्राम विकास अधिकारी अथवा सरपंच से प्रमाणित कराकर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सभी ब्लॉकों की विजेता एवं उपविजेता टीमें दोनों वर्गों में जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 26 जुलाई 2026, रविवार को लव कुश शिक्षण संस्थान में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से अधिकाधिक खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story