सलूम्बर।

जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण कानून को चुनौती देने वाले एक गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए नीलगाय (रोजड़ा) का शिकार करने वाले छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो टोपीदार बंदूकें और चार धारदार हथियार जब्त किए हैं। सभी अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक राजेश यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतना चावला तथा पुलिस उप अधीक्षक हेरम्भ जोशी के सुपरविजन में झल्लारा थानाधिकारी जयकिशन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। यह कार्रवाई प्रार्थी ऋतुराज पुत्र प्रतापसिंह, निवासी भोमगढ़ नीम का थाना, हाल मुकाम अयोध्या नंदी गौशाला रंदेला की रिपोर्ट पर की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि 21 दिसंबर को दोपहर करीब तीन बजे प्रार्थी और उसके सहयोगियों ने सलूम्बर से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों को धारदार हथियारों के साथ बान्दरवाड़ा से करमल माताजी के रास्ते जंगल की ओर जाते हुए देखा। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए उन्होंने पीछा किया। शाम करीब 4.15 बजे करमल के जंगलों से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वे आवाज की दिशा में पहुंचे तो देखा कि आरोपियों ने एक नर नीलगाय का शिकार कर लिया था।

घटनास्थल पर शाहरूख और शोएब नीलगाय को काटने में शहीम मोहम्मद की सहायता कर रहे थे, जबकि फारूख और आसीफ हाथों में टोपीदार बंदूक लिए खड़े थे। छोटू नामक युवक आसपास निगरानी कर रहा था ताकि कोई वहां न पहुंच सके। प्रार्थी और उसके सहयोगियों मोहित टेलर, संदीप, धीरज पटेल और रवि पटेल ने घेराबंदी कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, जंगल में अपनी मौजूदगी का आभास होते ही सभी अभियुक्त मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृत नीलगाय के शव को सुरक्षित रखवाया। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शहीम मोहम्मद, शोएब, शाहरूख, फारूख, छोटू और आसीफ शामिल हैं, सभी सलूम्बर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

इस कार्रवाई ने न केवल अवैध शिकार पर सख्त संदेश दिया है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण को लेकर प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी स्पष्ट किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में वन्यजीव अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story